बंगाल में बदलाव की आहट, असम में फिर भाजपा सरकार का दावा: सीएम साय

नतीजों की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान, अन्य राज्यों में भी एनडीए की मजबूत स्थिति का दावा

बंगाल में बदलाव की आहट, असम में फिर भाजपा सरकार का दावा: सीएम साय

रायपुर। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणामों से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बड़ी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आगामी नतीजों को लेकर भाजपा बेहद आशान्वित है और जमीनी स्तर पर पार्टी के पक्ष में मजबूत माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों राज्यों में भाजपा को जनसमर्थन मिलेगा और सरकार गठन तय है।

अन्य राज्यों में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की स्थिति को मजबूत बताते हुए साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने अपने केरल दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी जनता के बीच सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जिसका लाभ चुनाव परिणामों में दिखाई देगा।

पश्चिम बंगाल के संदर्भ में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में ‘परिवर्तन की लहर’ चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा ममता बनर्जी सरकार के कामकाज से जनता असंतुष्ट है और इस बार लोग बदलाव के पक्ष में मतदान कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ से अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए गए भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण से पार्टी को मजबूती मिली है। अब सबकी नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जो कल सामने आएंगे।