बिलासपुर रेल हादसे पर कांग्रेस का हल्ला बोल: GM ऑफिस का घेराव, 1-1 करोड़ मुआवजे की मांग
कांग्रेस ने मृतकों को 1-1 करोड़, घायलों को 50 लाख और आश्रितों को नौकरी देने की रखी मांग; पुलिस-आरपीएफ की भारी सुरक्षा, रिपोर्ट न जारी करने पर उग्र आंदोलन की धमकी
बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए रेल हादसे को लेकर कांग्रेस ने आज रेल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रैली और मार्च के बाद कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रेलवे जीएम ऑफिस का घेराव किया। प्रदर्शनकारी रामलीला मैदान में एकत्र हुए और सभा के बाद पैदल GM ऑफिस पहुंचे।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रेलवे हादसे की जिम्मेदारी से बच रहा है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़, घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा और पीड़ित परिवारों को नौकरी देने की मांग उठाई।
तनावपूर्ण माहौल, गेट बंद—पुलिस-आरपीएफ की तैनाती
प्रदर्शन के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि GM ऑफिस और DRM कंट्रोल ऑफिस के बाहर भारी पुलिस बल और आरपीएफ तैनात करनी पड़ी।
अधिकारीयों ने गेट अंदर से बंद कर दिया था, लेकिन गुस्से में कांग्रेसी गेट पर चढ़कर लगातार नारेबाज़ी करते रहे।
प्रधान नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ देखते हुए सुरक्षा बलों को सतर्क मोड पर रखा गया।
रेलवे अधिकारी को ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे अधिकारी समीरकांत माथुर को आवेदन सौंपा और कहा कि हादसे में घायल मासूम बच्चे का मामला रेलवे की गंभीर लापरवाही और अमानवीयता को उजागर करता है।
नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ गलती नहीं, बल्कि पूरी तरह से प्रशासनिक उपेक्षा है।
रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक नहीं किया गया, दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ितों को मुआवजा व नौकरी नहीं दी गई तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़े और उग्र आंदोलन किए जाएंगे।
“अवॉर्ड लेने में आगे, जिम्मेदारी में पीछे”—कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रेलवे अवॉर्ड और सम्मान लेने में सबसे आगे रहता है, लेकिन जब जवाबदेही की बात आती है तो दफ्तरों के दरवाजे बंद कर लिए जाते हैं।
प्रदर्शन में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
suntimes 