गंदगी के बीच बन रही थी बर्फी, श्रीराम स्वीट्स पर कार्रवाई; 15 किलो मिठाई नष्ट

खाद्य विभाग की जांच में मिलीं गंभीर खामियां, पेड़े का सैंपल लैब भेजा; खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दुकान बंद कराई

गंदगी के बीच बन रही थी बर्फी, श्रीराम स्वीट्स पर कार्रवाई; 15 किलो मिठाई नष्ट

बिलासपुर में रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग ने मिठाई दुकानों और खाद्य सामग्री बनाने वाले प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार को सिरगिट्टी के नगपुरा स्थित श्रीराम स्वीट्स में जांच के दौरान मिठाई बनाने वाली जगह पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। गंदगी के बीच बर्फी तैयार की जा रही थी। टीम ने करीब 15 किलो बर्फी मौके पर नष्ट कराई और दुकान का खाद्य लाइसेंस निलंबित करते हुए उसे बंद करा दिया।

बिलासपुर।रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए बिलासपुर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया गया है। ‘खाबो-बने रहिबो’ अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम शहर और आसपास के इलाकों में मिठाई दुकानों के साथ खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है।

मंगलवार को लगातार दूसरे दिन खाद्य विभाग की टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र के नगपुरा स्थित श्रीराम स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां मिठाई तैयार करने वाले स्थान पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक गंदगी के बीच बर्फी तैयार की जा रही थी। जांच के दौरान दुकान में करीब 15 किलो बर्फी मिली, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।

पेड़े का सैंपल जांच के लिए भेजा

अधिकारियों ने दुकान से पेड़े का नमूना भी लिया। सैंपल को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मिली कमियों को देखते हुए विभाग ने दुकान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया और प्रतिष्ठान को बंद करा दिया।

दो दुकानों से घी के नमूने लिए

अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दो अन्य दुकानों से घी के नमूने भी लिए हैं। दोनों सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

व्यापार विहार में 102 किलो बर्फी जब्त

इससे पहले सोमवार को खाद्य विभाग ने व्यापार विहार और शनिचरी बाजार क्षेत्र में भी मिठाई दुकानों की जांच की थी। व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में बर्फी के पैकेट पर आवश्यक जानकारी अंकित नहीं मिली। इसे खाद्य नियमों का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने 23 कार्टून में रखी करीब 102 किलो बर्फी जब्त कर ली थी। विभाग ने इसका सैंपल भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।