दुर्ग बस स्टैंड पर कार सवारों से मारपीट-लूट, 4 गिरफ्तार

बस का दरवाजा कार से टकराने के बाद बिगड़ी बात; दो आरोपियों के साथ दो नाबालिग पकड़े गए, FIR में देरी पर थाना प्रभारी से जवाब मांगा

दुर्ग बस स्टैंड पर कार सवारों से मारपीट-लूट, 4 गिरफ्तार

दुर्ग बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास बस का दरवाजा कार से टकराने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और लूट तक पहुंच गया। 18 अगस्त की तड़के हुई घटना में कार सवार युवकों के साथ मारपीट करने और मोबाइल व नकदी लूटने का आरोप है। आरोपियों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए। शिकायत के बाद पुलिस ने दो युवकों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, FIR दर्ज करने में देरी की शिकायत सामने आने पर CSP ने पद्मनाभपुर थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा है।

दुर्ग।दुर्ग बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास 18 अगस्त की सुबह करीब 3 से 3:30 बजे कार सवार युवकों और बस में सवार युवकों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि अरबानिया बस से उतरते समय एक युवक ने दरवाजा खोला, जो पास खड़ी बलेनो कार से टकरा गया। इससे कार में डेंट आ गया। कार सवार रवि साहू ने युवक से दरवाजा सावधानी से खोलने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि बस में बैठे युवक के बुलाने पर उसके कुछ साथी मौके पर पहुंचे और रवि साहू के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आए सूरज साहू और उसके साथियों के साथ भी गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि एक युवक ने कटर दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।

मोबाइल और नकदी ले जाने का आरोप

सूरज साहू के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका सैमसंग मोबाइल और रवि साहू का आईक्यू कंपनी का मोबाइल छीन लिया। कार के आगे-पीछे के शीशे और दाहिनी ओर की खिड़की का कांच भी तोड़ दिया गया। डैशबोर्ड में रखे करीब 5 हजार रुपए ले जाने का भी आरोप है। इसके बाद आरोपी बस में सवार होकर वहां से निकल गए।

दो युवकों को आई चोट

घटना में रवि साहू के बाएं हाथ की हथेली और सिर में चोट आई, जबकि राजा उर्फ राजकुमार के नाक और सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पीड़ितों ने अपने परिजनों और परिचितों को सूचना दी।

FIR के लिए थाने में घंटों इंतजार का आरोप

पीड़ित पक्ष ने पद्मनाभपुर थाना पुलिस पर शिकायत लेने में लापरवाही बरतने और FIR दर्ज करने में देरी का आरोप लगाया। रवि साहू के अनुसार, वह घटना के कुछ समय बाद करीब सुबह 4 बजे थाने पहुंचा था। वहां आवेदन लेने के बाद उसे सुबह 11 बजे आने के लिए कहा गया।

रवि का आरोप है कि दोबारा थाने पहुंचने पर उससे आरोपियों के नाम, मोबाइल नंबर और CCTV फुटेज लाने को कहा गया। इसके बाद वह दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपियों की जानकारी और CCTV फुटेज लेकर थाने पहुंचा, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने CSP कार्यालय पहुंचकर शिकायत की।

शिकायत के बाद चार गिरफ्तार

CSP दुर्ग हर्षित मैहर के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में पूरन निषाद (19) और कोमल निषाद (32) को गिरफ्तार किया गया है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी पुलिस ने पकड़ा है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 3(5), 309(6) और 351(3) के तहत कार्रवाई की है।

थाना प्रभारी से मांगा गया स्पष्टीकरण

CSP हर्षित मैहर ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने पद्मनाभपुर थाना प्रभारी और स्टाफ पर शिकायत की रिसीविंग नहीं देने तथा FIR दर्ज करने में देरी का आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस घटना से जुड़े CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों से कथित तौर पर लूटे गए मोबाइल, नकदी और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।