भाजपा के बढ़ते जनाधार से दूसरे दल भी आ रहे साथ, कांग्रेस का भरोसा हुआ कमजोर : साय
पंजाब में अकाली दल से गठबंधन को बताया सकारात्मक संकेत, दुर्ग जिले में 362 विकास कार्यों की शुरुआत और पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण
दुर्ग। पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति लोगों का समर्थन बढ़ रहा है। यही कारण है कि विभिन्न राजनीतिक दल भी भाजपा के साथ आने में रुचि दिखा रहे हैं।
मंगलवार को दुर्ग जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55-60 वर्षों तक देश में शासन किया। इस दौरान पार्टी को केंद्र और राज्यों में सत्ता का अवसर मिला, लेकिन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में वह सफल नहीं रही। कथनी और करनी के अंतर के कारण पार्टी के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। आज कांग्रेस पहले की तुलना में काफी सिमट गई है।
मोदी के नेतृत्व में 22 राज्यों में एनडीए की सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित है। नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। देश के 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें काम कर रही हैं। उनके अनुसार, यह राजनीतिक विस्तार जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शाता है।
रिसाली, भिलाई और चरोदा में विकास को मिलेगी गति
राजनीतिक कार्यक्रमों के साथ मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के नगरीय विकास को लेकर भी कई परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने रिसाली, भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्रों में 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 402 करोड़ 12 लाख 70 हजार रुपए है।
कार्यक्रम में 118 करोड़ 58 लाख 75 हजार रुपए के 39 पूर्ण हो चुके कार्य जनता को समर्पित किए गए, जबकि 283 करोड़ 53 लाख 95 हजार रुपए की लागत से 323 नए कार्यों की आधारशिला रखी गई।
नगर निगम क्षेत्रों के लिहाज से रिसाली में 101 करोड़ रुपए से अधिक, भिलाई में 154 करोड़ रुपए से ज्यादा और भिलाई-चरोदा में 146 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। इनके पूरा होने पर तीनों नगर निगम क्षेत्रों में शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
suntimes 