‘भिलाई बचाओ’ मार्च पर भाजपा का पलटवार, बोली- कांग्रेस अपने ही शासन से शहर बचाने निकली है
बीएसपी, टाउनशिप और जनसुविधाओं के मुद्दे पर कांग्रेस की चार दिवसीय पदयात्रा; भाजपा ने आंदोलन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया
दुर्ग-भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP), टाउनशिप और स्थानीय जनसुविधाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा शुरू की गई ‘भिलाई बचाओ’ पदयात्रा ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है। कांग्रेस जहां इसे हजारों परिवारों के अधिकारों और सुविधाओं की रक्षा का अभियान बता रही है, वहीं भाजपा ने इस आंदोलन को कांग्रेस का राजनीतिक प्रपंच करार देते हुए सवाल उठाया है कि जब शहर में विधायक और महापौर दोनों कांग्रेस के हैं, तो भिलाई को आखिर किससे बचाने की जरूरत पड़ गई है।
रविवार से शुरू हुई यह चार दिवसीय पदयात्रा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में निकाली जा रही है। यात्रा सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर भिलाई, चरोदा और कुम्हारी होते हुए 4 अगस्त को रायपुर पहुंचेगी, जहां राजभवन में राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। पहले दिन पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने निजीकरण और टाउनशिप की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा उठाया
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बीएसपी टाउनशिप की स्थिति लगातार खराब हो रही है और अस्पतालों, स्कूलों सहित कई जनसुविधाओं का निजीकरण किया जा रहा है। पार्टी ने मांग की है कि निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगे, रिटेंशन और लाइसेंस वाले मकानों को खाली कराने की कार्रवाई बंद हो, कर्मचारियों का वेज रिवीजन शीघ्र लागू किया जाए, लंबित एरियर का भुगतान हो तथा टाउनशिप में पेयजल, सफाई और रखरखाव की व्यवस्था सुधारी जाए।
भाजपा ने पूछा- जिम्मेदारी किसकी?
भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भिलाई नगर निगम और शहर की राजनीति में कांग्रेस लंबे समय से प्रभावी भूमिका में रही है। उन्होंने कहा कि यदि शहर की स्थिति खराब है, तो कांग्रेस को पहले अपने ही जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगना चाहिए। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में नगर निगम में विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बिगड़ी।
पदयात्रा के दूसरे दिन भी जारी रहेगा अभियान
सोमवार को पदयात्रा का दूसरा चरण मगध तैलिक भवन से शुरू होकर सुभाष चौक, पावर हाउस, नंदिनी रोड और कैनाल रोड होते हुए डबरापारा तक पहुंचेगा। कांग्रेस और भाजपा के बीच जारी इस सियासी टकराव ने भिलाई में बीएसपी, टाउनशिप और जनसुविधाओं के मुद्दे को नया राजनीतिक केंद्र बना दिया है।
suntimes 