भिलाई मंडई मेला में पोस्टर को लेकर खूनी विवाद
फोटो न छपने से नाराज युवक ने मेला समिति सदस्य पर किया चाकू से हमला
भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में आयोजित मंडई मेला के दौरान एक मामूली पोस्टर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 26 जनवरी को मेला पोस्टर में फोटो नहीं छपने से नाराज युवक ने मेला समिति से जुड़े एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टर नियम बना विवाद की वजह
खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर में 26 जनवरी को मंडई मेला आयोजित किया गया था। मेला समिति द्वारा पोस्टर में फोटो प्रकाशित कराने के लिए सदस्यों से 500-500 रुपये शुल्क और फोटो जमा करने का नियम तय किया गया था। इसी नियम के तहत पोस्टर छपवाया गया।
शुल्क और फोटो नहीं देने पर नहीं छपी तस्वीर
पीड़ित हेमंत कुमार वर्मा, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं, मेला समिति से जुड़े हुए थे। जानकारी के अनुसार मोहल्ले के तोरण निषाद ने न तो निर्धारित सदस्य शुल्क जमा किया और न ही अपनी फोटो दी। इसी कारण उसका फोटो पोस्टर में प्रकाशित नहीं किया गया, जिससे वह नाराज चल रहा था।
रात में रास्ता रोककर की गाली-गलौज
26 जनवरी की रात करीब 8.45 बजे शीतला मंदिर के पास गुप्ता किराना स्टोर के सामने विवाद हुआ। हेमंत कुमार वर्मा जब अपने घर लौट रहे थे, तभी तोरण निषाद ने उन्हें रोककर पोस्टर में फोटो नहीं छापने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
सीने और पेट पर किया चाकू से वार
आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए पेंट से धारदार चाकू निकाला और हेमंत के बाएं सीने व पेट पर हमला कर दिया। हेमंत ने हाथ से वार रोकने की कोशिश की, जिससे गंभीर जानलेवा चोट टल गई, हालांकि सीने और नाभि के नीचे चोट लगने से खून बहने लगा।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, जांच जारी
घटना की सूचना पर खुर्सीपार थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
suntimes 