भिलाई में जन्मदिन की पार्टी बनी मौत का कारण, 21 वर्षीय युवक की हत्या
स्कूल परिसर में ईंट–पत्थर से कूचकर की गई हत्या, नेवई पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, दो अब भी फरार
भिलाई नगर में देर रात जन्मदिन का जश्न खून में बदल गया। मामूली विवाद के बाद दोस्तों ने ही 21 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। स्कूल परिसर में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने शहर को दहला दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
भिलाई नगर। जन्मदिन का केक काटने के बाद खुशियों का माहौल देर रात खून से रंग गया। नेवई थाना क्षेत्र के एक स्कूल परिसर में सोमवार रात करीब 11:30 बजे 21 वर्षीय रोशन ठाकुर की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी विवाद में उसके साथियों ने पहले उसे बुरी तरह पीटा और फिर ईंट–पत्थर से सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक सहित तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। वहीं, एक अन्य अपचारी बालक सहित दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। हत्या की यह वारदात न केवल परिवार, बल्कि पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का कारण बन गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
suntimes 