भिलाई में शराब दुकान पर सियासत तेज: विधायक देवेंद्र यादव ने सीएम से हस्तक्षेप की मांग की

सेक्टर-6 आवासीय क्षेत्र में प्रस्तावित दुकान का विरोध बढ़ा; स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थलों की निकटता पर उठाए सवाल

भिलाई में शराब दुकान पर सियासत तेज: विधायक देवेंद्र यादव ने सीएम से हस्तक्षेप की मांग की

भिलाई-दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र टाउनशिप के सेक्टर-6 (पश्चिम) स्थित वार्ड क्रमांक-63 में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय रहवासियों के विरोध के बीच अब यह मुद्दा राजनीतिक रूप ले चुका है। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोलने का निर्णय लिया गया है, वह सामाजिक और नैतिक दृष्टि से अनुचित है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल के आसपास स्कूल और कॉलेज मौजूद हैं, जहां विद्यार्थियों की निरंतर आवाजाही रहती है। इसके अलावा यह क्षेत्र पूर्णतः आवासीय है, जहां बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बाजार क्षेत्र में चिकित्सकीय क्लिनिक स्थित हैं, जहां मरीजों का आना-जाना लगा रहता है। साथ ही समीप धार्मिक स्थल होने के कारण क्षेत्र की संवेदनशीलता और बढ़ जाती है। ऐसे में यहां शराब दुकान खोलना जनभावनाओं के विपरीत है।

विधायक देवेंद्र यादव ने आशंका जताई कि व्यस्त और सार्वजनिक क्षेत्र में शराब दुकान संचालित होने से शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इसे मानवीय दृष्टिकोण से अव्यवहारिक निर्णय बताया है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि आम नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और प्रस्तावित शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

गौरतलब है कि इससे पहले भी स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि इस मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज करा चुके हैं, जिससे प्रशासन पर निर्णय बदलने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।