भिलाई में स्कूल बस से ट्रक की जोरदार टक्कर, 3 बच्चे घायल — ड्राइवर गंभीर
स्पीड कम न करने से हुआ हादसा, ट्रक चालक मौके से फरार — घबराए बच्चों को स्थानीय लोगों ने निकाला सुरक्षित, स्कूल प्रबंधन ने दूसरी बस से भेजा घर
भिलाई में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन बच्चों को मामूली चोटें आईं। ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
भिलाई। शहर में शुक्रवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक के सिर में चोट आई है, जबकि तीन बच्चे घायल हुए हैं। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चों को बस से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के आगे ट्रैफिक अचानक धीमा हो गया था। उस वक्त बस की रफ्तार नियंत्रित थी, लेकिन पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने स्पीड कम नहीं की और सीधा बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंच गया। घायल बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया, वहीं बाकी बच्चों को दूसरी बस में बैठाकर सुरक्षित घर रवाना किया गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छावनी थाना पुलिस टीम जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल पर आए दिन भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गति-नियंत्रण संकेतक और पुलिस की नियमित निगरानी की मांग की है। हादसे के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
suntimes 