महादेव ऐप केस में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी, अब ED करेगी कस्टडी की मांग

हवाला, सट्टा पैनल और रकम के नेटवर्क की पड़ताल तेज; कोर्ट ने नॉन बेलेबल वारंट संबंधी ED की अर्जी स्वीकार की

महादेव ऐप केस में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी, अब ED करेगी कस्टडी की मांग

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई अब एक और अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। नॉन बेलेबल वारंट को लेकर PMLA स्पेशल कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद ED की अर्जी स्वीकार कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने सौरभ को अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ करने के लिए आवेदन दिया है।

जांच एजेंसी के सामने कई अहम सवाल

ED की प्रस्तावित पूछताछ में सट्टे से जुड़े वित्तीय नेटवर्क, हवाला के जरिए हुए लेनदेन, पैनल ऑपरेटरों और कथित प्रोटेक्शन मनी से जुड़े सवाल अहम रहेंगे। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल और वितरण किस तरह किया गया तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।

सौरभ को शुक्रवार सुबह रायपुर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया गया। पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई थी।

CBI ने आठ दिन की कस्टडी में की पूछताछ

इससे पहले सौरभ चंद्राकर 8 दिन तक CBI की कस्टडी में रहा। रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। CBI ने आगे की हिरासत की मांग नहीं की और न्यायिक रिमांड की अपील की। कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक जेल भेजने का आदेश दिया था।

आठ दिन की पूछताछ में जांच एजेंसी ने महादेव ऐप के नेटवर्क, सट्टा पैनल संचालकों, हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन और कथित संरक्षण राशि से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई।

ओमान से भारत लाया गया था सौरभ

सौरभ चंद्राकर को CBI ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर ओमान में पकड़ा था। इसके बाद CBI की टीम उसे मस्कट से भारत लेकर आई। यहां पहुंचने के बाद मामले में न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ी और उससे पूछताछ की गई।

दुर्ग से शुरू हुई थी जांच की पहली कड़ी

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। बाद में ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मामले के प्रमुख आरोपियों के रूप में चिन्हित किया गया।

CBI ने 18 दिसंबर 2024 को केस दर्ज कर जांच अपने हाथ में ली। इसके बाद ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के साथ बैंक खातों और हवाला के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन की जांच की गई।

13 मामलों की जांच CBI के हवाले

छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऐप से जुड़े 13 FIR मामलों की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो प्रकरणों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। दूसरी ओर ED मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है और सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर चुकी है।

अब ED की कस्टोडियल रिमांड पर होने वाली सुनवाई इस मामले में अगला अहम कदम होगी। इससे जांच एजेंसी को सौरभ से पूछताछ के लिए हिरासत मिलने या नहीं मिलने की स्थिति स्पष्ट होगी।