बर्ड फ्लू का बढ़ा खतरा! कानन-पेंडारी जू एक हफ्ते के लिए बंद, प्रशासन अलर्ट मोड जारी…

बर्ड फ्लू का बढ़ा खतरा! कानन-पेंडारी जू एक हफ्ते के लिए बंद, प्रशासन अलर्ट मोड जारी…

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कानन-पेंडारी जू को बर्ड फ्लू के खतरे के चलते एहतियातन एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कानन-पेंडारी जू को बर्ड फ्लू के खतरे के चलते एहतियातन एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने यह निर्णय H5N1 वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए लिया है। इस दौरान जू परिसर को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा और वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच भी कराई जाएगी।

 H5N1 वायरस से बढ़ी चिंता

Avian Influenza (बर्ड फ्लू) के मामलों के सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। 19 मार्च से शुरू हुई पक्षियों की मौतों के सिलसिले में अब तक 4,744 पक्षियों की जान जा चुकी है, जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं।

इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित

संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया है। इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को शामिल किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।

22 हजार से अधिक पक्षियों को किया गया नष्ट

संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए प्रशासन ने अब तक 22,808 चूजे, बतख और बटेरों को नष्ट किया है। इसके अलावा 80 क्विंटल दाना और 25 हजार अंडों को भी डिस्पोज किया गया है, ताकि वायरस के प्रसार को रोका जा सके।

कलेक्टर ने जारी किए निर्देश, अप्रैल में फिर खुलेगा जू

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जू प्रबंधन को विशेष सतर्कता बरतने, नियमित सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करने और सभी वन्यजीवों की स्वास्थ्य निगरानी लगातार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रमण के किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

इसके साथ ही पशु चिकित्सा टीमों को भी सक्रिय किया गया है, जो समय-समय पर जांच और रिपोर्टिंग करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कानन-पेंडारी जू को बंद रखा जाएगा। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने और संक्रमण के खतरे के खत्म होने के बाद ही इसे दोबारा खोला जाएगा, जिसकी संभावना अगले महीने अप्रैल में जताई जा रही है।