मानसून की दस्तक के साथ छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश
तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बरसे बादल, सड़कों पर जलभराव; अगले पांच दिन बारिश-अंधड़ का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने दंतेवाड़ा के रास्ते दस्तक दे दी है। मानसूनी हवाओं के सक्रिय होते ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। सोमवार को अचानक बदले मौसम के बीच रायपुर, रायगढ़ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई।
छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के बाद अब प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों तक पहुंच सकता है। बस्तर संभाग में मानसूनी गतिविधियां और मजबूत होने की संभावना जताई गई है।
सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदला और राजधानी रायपुर सहित रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। तेज बारिश के कारण रायपुर के सुंदरनगर क्षेत्र स्थित महादेवघाट रोड पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।
विभाग के मुताबिक मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। रायगढ़ सहित आसपास के इलाकों में भी मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है। इसके चलते कुछ क्षेत्रों में गर्म हवाओं और लू जैसी स्थिति भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
suntimes 