लखनऊ की कोचिंग में भीषण अग्निकांड, 15 छात्रों की मौत से मचा हड़कंप
आग से बचने के लिए बाथरूम में छिपे थे छात्र, कई के फंसे होने की आशंका; राहत-बचाव में जुटीं टीमें
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। अलीगंज इलाके में स्थित दो मंजिला इमारत में अचानक लगी भीषण आग में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में अधिकतर छात्र शामिल बताए जा रहे हैं। आग की भयावहता के बीच कई छात्रों ने बचने के लिए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था
लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे एक दो मंजिला बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत के अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग और लाइब्रेरी में मौजूद छात्रों ने आग से बचने के लिए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन हादसे में कई लोगों की जान चली गई। एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगाई, लेकिन वह नीचे लगी ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 10 दमकल वाहन, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, SDRF और NDRF की टीमें राहत कार्य में जुट गईं। आग बुझाने के साथ ही इमारत के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों के इलाज के लिए बड़ी संख्या में एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने घटनास्थल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अलीगढ़ का दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
जिस इमारत में आग लगी, वहां नीचे के हिस्से में पेट शॉप और क्लीनिक संचालित हो रहे थे, जबकि दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की लाइब्रेरी और हेड हॉपर स्टूडियो था। फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी है।
suntimes 