मुंबई पहुंचे छत्तीसगढ़ के विधायक:महाराष्ट्र में साथ दिखे महंत-बृजमोहन, लखमा, अंबानी के सेंटर में राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन

रायपुर। शुक्रवार को मुंबई में राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन की शुरुआत हुई। इसमें शामिल होने प्रदेश के विधायक भी पहुंचे हैं। प्रदेश की विधानसभा में एक दूसरे के खिलाफ खड़े होने वाले भाजपा कांग्रेस के विधायक मुंबई में एक साथ हंसते-बतियाते दिखे। बृजमोहन अग्रवाल और प्रदेश की विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत एक साथ नजर आए। मुंबई में कवासी लखमा भी इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। प्रदेश के कई मंत्री भी अंबानी समूत के आलिशान सेंटर में नजर आए। राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन नाम के इस कार्यक्रम को मुंबई के सबसे पॉश इलाके BKC में आयोजित किया गया है। जिस सेंटर में इसे आयोजित िकया गया है वो नीता अंबानी का बनाया कल्चरल सेंटर है, हाल ही में यहां हॉलीवुड-बॉलीवुड सितारे भी पहुंचे थे। देशभर से आने वाले और छत्तीसगढ़ के विधायकों के ठहरने के लिए 20 से ज्यादा पांच सितारा होटलों में कमरे बुक कराए गए हैं।
प्रदेश के ये नेता भी पहुंचे हैं मुंबई
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक एवं विधायक रजनीश सिंह शामिल हुए। सम्मेलन में देशभर के 2800 विधायक शामिल हुए। 3 दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में लोकतंत्र में नीति निर्माण, विधायिका को मजबूती, सदन में विधायकों की भूमिका और कार्य व्यवहार जैसे 40 विषयों पर मंथन किया जाएगा। 17 जून तक राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।