31 अक्टूबर तक एग्रीस्टेक पोर्टल पर कराएं पंजीयन: धान खरीदी, फसल बीमा और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ अब मोबाइल से ही

पोर्टल पर पंजीयन प्रक्रिया हुई आसान, किसान स्वयं कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन — आधार कार्ड और भूमि दस्तावेज जरूरी

31 अक्टूबर तक एग्रीस्टेक पोर्टल पर कराएं पंजीयन: धान खरीदी, फसल बीमा और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ अब मोबाइल से ही

राज्य सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे धान खरीदी, फसल बीमा और अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए 31 अक्टूबर 2025 तक एग्रीस्टेक पोर्टल में अपना पंजीयन अवश्य कराएं। अब यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और सरल कर दी गई है, जिससे किसान अपने मोबाइल या कंप्यूटर से स्वयं रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

रायपुर। राज्य सरकार ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एग्रीस्टेक पोर्टल की पंजीयन प्रक्रिया को आसान बना दिया है। धान खरीदी, फसल बीमा और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक किसान अब बिना किसी कार्यालय के चक्कर लगाए ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है।

किसान https://cgfr.agristack.gov.in
 पोर्टल या Farmer Registry CG मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। नया खाता बनाने के लिए किसान के पास आधार से लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, तथा भूमि के खसरा और बी-1 दस्तावेज होना आवश्यक है। पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद किसान अपनी व्यक्तिगत जानकारी, भूमि विवरण और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर ई-साइन ओटीपी के माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।

सरकार के अनुसार, यदि किसान द्वारा दी गई जानकारी 80 प्रतिशत या उससे अधिक मेल खाती है, तो रजिस्ट्रेशन स्वतः 48 घंटे के भीतर स्वीकृत हो जाएगा। अन्य मामलों में स्थानीय राजस्व अधिकारी द्वारा सत्यापन के बाद पंजीयन अनुमोदित किया जाएगा।

किसानों की सहायता के लिए राज्य स्तर पर एग्रीस्टेक हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1033 जारी किया गया है। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर किसान अपने क्षेत्र के पटवारी या कृषि विस्तार अधिकारी से भी संपर्क कर सकते हैं।

एग्रीस्टेक पोर्टल को एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में विकसित किया गया है, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ तेज़ी और पारदर्शिता से मिल सके। कृषि विभाग ने बताया कि यह पहल किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें हर योजना से सीधे जोड़ने का माध्यम बनेगी।

राज्य सरकार ने सभी किसानों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर से पहले अपना पंजीयन पूरा करें, ताकि आगामी धान खरीदी सीजन और बीमा योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।