दोस्त के लिए लुटेरा बना सुपरवाइजर...कंपनी के लूटे 20 लाख:रायपुर पुलिस को सुनाई झूठी कहानी

दोस्त के लिए लुटेरा बना सुपरवाइजर...कंपनी के लूटे 20 लाख:रायपुर पुलिस को सुनाई झूठी कहानी

रायपुर में इस्कॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर ने अपने दोस्त की मदद के लिए 20 लाख की लूट की साजिश रची। कंपनी के पैसों को खुद ही लूट लिया। पुलिस को कहानी सुनाई की बाइक सवार धक्का-मुक्की कर बैग में रखे कैश को लेकर भाग गया। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।

रायपुर पुलिस ने बताया कि सुपरवाइजर को सीन रीक्रिएशन के लिए लेकर गए। इस दौरान आरोपी सुपरवाइजर पुलिस को गुमराह करने लगा, लेकिन क्रॉस क्वेश्चन में पहले राइट हैंड कहा फिर लेफ्ट हैंड कहा। आरोपी इसी कन्फ्यूजन में फंस गया। आरोपी ने मीडिया को भी सुनाई मनगढ़ंत कहानी। कहा था कि लुटेरे से धक्का मुक्की में बाइक का एक्सीलेटर घूम गया।

दरअसल, मुख्य आरोपी खुद सुपरवाइजर मनोज कुमार ध्रुव है। मनोज कुमार ध्रुव रायपुर के कमल विहार स्थित इस्कॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का सुपरवाइजर है। उसने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया था कि 17 अक्टूबर को मुजगहन थाना क्षेत्र के कमल विहार में उसके साथ लूट हो गई।

एक बाइक सवार ने 20 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। लुटेरे की खोजबीन की। वहीं सुपरवाइजर से भी पूछताछ की। शुरुआती छानबीन में सुपरवाइजर मनोज कुमार ध्रुव के बयान के बाद पुलिस को शक हुआ। इस बीच मीडिया को भी मनोज कुमार ध्रुव ने पूरी घटना कैमरे में सुनाई, जिसमें वह कह रहा था वह रुपए लेकर घर से बाइक पर ऑफिस के लिए निकला था। उसने रुपए से भरा बैग बाइक की टंकी के ऊपर रखा था। इसी दौरान पीछे से एक युवक बाइक पर आया। उसने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। वह राइट हैंड की तरफ था, लेकिन मनोज ने मोबाइल को अपने हाथ में पकड़ लिया। तभी लुटेरे ने बाइक को लात मारी और बैग को छीनकर भाग गया।