मैदान पर वैभव का नया अंदाज, चौके-छक्कों के साथ अब रफ्तार बढ़ाने की तैयारी

बिहार के कप्तान ने इंदौर में शुरू किया विशेष फिटनेस अभियान, निजी कोच के साथ दौड़, जिम और स्विमिंग पर दे रहे ध्यान

मैदान पर वैभव का नया अंदाज, चौके-छक्कों के साथ अब रफ्तार बढ़ाने की तैयारी

इंदौर (ए)। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी अब मैदान पर अपनी गति और फुर्ती को नया स्तर देने में जुटे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबलों से पहले इंदौर में उनका विशेष प्रशिक्षण जारी है। डेली कॉलेज मैदान पर अन्य खिलाड़ी जहां क्रिकेट के सामान्य अभ्यास में व्यस्त थे, वहीं वैभव अपने पर्सनल कोच राजामणि प्रभु के साथ अलग फिटनेस सेशन कर रहे थे।

उनकी ट्रेनिंग में सबसे ज्यादा जोर एक्सीलरेशन यानी शुरुआती गति बढ़ाने पर है। इसके तहत कम दूरी में तेजी से दौड़ने और शरीर को नियंत्रित रखते हुए अधिकतम रफ्तार हासिल करने का अभ्यास कराया जा रहा है। इस दौरान वैभव ने कई बार दौड़ लगाई। कठिन अभ्यास के कारण वे थककर हांफते भी नजर आए, लेकिन उनका अभ्यास लगातार जारी रहा।

कुछ मीटर की तेजी बन सकती है बड़ा अंतर

क्रिकेट के छोटे प्रारूप में बल्लेबाज की दौड़ने की क्षमता काफी मायने रखती है। विकेटों के बीच तेजी से रन पूरा करना हो या फील्डिंग के दौरान गेंद तक जल्द पहुंचना, हर स्थिति में शुरुआती गति महत्वपूर्ण होती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए वैभव 5 से 10 मीटर की दूरी में तेजी पकड़ने का अभ्यास कर रहे हैं।

एक्सीलरेशन ट्रेनिंग में तेज शुरुआत, अचानक रुकना, दिशा बदलना और दोबारा गति हासिल करना शामिल होता है। इससे खिलाड़ी की फुर्ती, संतुलन और प्रतिक्रिया क्षमता बेहतर करने में मदद मिलती है। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित स्पीड ट्रेनिंग खिलाड़ियों की गति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मैदान के बाहर भी फिटनेस पर मेहनत

वैभव की तैयारी सिर्फ दौड़ तक सीमित नहीं है। वे जिम में शक्ति और मांसपेशियों की क्षमता बढ़ाने के लिए अभ्यास कर रहे हैं। इसके साथ ही स्विमिंग को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया है। इसका उद्देश्य शरीर को सक्रिय रखने और कड़ी ट्रेनिंग के बाद रिकवरी में मदद लेना है।

14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी करते हुए वैभव पर सबकी निगाहें रहेंगी। उनकी मौजूदा तैयारी से साफ है कि वे बल्लेबाजी कौशल के साथ अपनी फिटनेस और मैदान पर तेजी को भी मजबूत बनाने में जुटे हैं।