राज्यपाल से न्याय की गुहार:राजभवन पहुंचकर बीजेपी नेताओं ने की सरकार की शिकायत, कहा- छत्तीसगढ़ बन गया अपराधगढ़

रायपुर में शनिवार को बीजेपी नेता सरकार की शिकायत करने राजभवन पहुंचे। राज्यपाल से न्याय की गुहार वाला बैनर लेकर रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत कई नेताओं ने कानून व्यवस्था पर चर्चा की। कहा कि, छत्तीसगढ़ पूरी तरह अपराधगढ़ बन गया है। प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, गैंगरेप और कानून व्यवस्था को लेकर बीजेपी नेताओं ने बात की। पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि, प्रदेश में चिंताजनक हालात होते जा रहे हैं। प्रदेश सरकार से राज्यपाल सख्ती से जवाब मांगे।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि, जहां करप्शन होगा वहीं क्राइम होगा। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन जी कड़ा निर्देश सरकार को दें। क्योंकि क्राइम को कंट्रोल करने में सरकार नाकाम रही है। मुलाकात से पहले बीजेपी प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है, और कांग्रेस के कुशासन के चलते छत्तीसगढ़ अब पूरी तरह अपराधगढ़ बन गया है और प्रदेश जंगलराज कायम हो गया है।प्रदेश में चाकूबाजी, हत्या, लूट और महिलाओं के प्रति हिंसक घटनाएं बढ़ी हैं।
अपराधों को सामूहिक रूप से अपराधियों द्वारा एक साथ अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा बढ़ते अपराधों के मद्देनजर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक नियम का ऐलान किया था कि महिलाओं से छेड़छाड़ और उनका उत्पीड़न करने वालों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी, उसका कहीं कोई असर दिख नहीं रहा है। अपराधी यह मानकर चल रहे हैं कि सरकार उनसे डरकर नए-नए नियम बना रही है।
इन घटनाओं की दी जानकारी
घटनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राजधानी से लगे मंदिर हसौद में 10 लोगों ने रक्षाबंधन मनाकर लौट रहीं दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इससे पूरे प्रदेश में, परिवार, बच्चियों और महिलाओं में डर का एक माहौल पैदा हो गया है। राजधानी के सबसे पॉश इलाके देवेंद्रनगर में भी एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार होता है। शिक्षक दिवस के दिन एक आदिवासी शिक्षिका के साथ जशपुर जिले में सामूहिक बलात्कार होता है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन महिलाओं के साथ बलात्कार की घटना होती है।