रायपुर में ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी, 20 किलो चांदी और सोने के गहनों समेत लाखों की चोरी

दीवार तोड़कर दुकान में दाखिल हुए बदमाश; नकदी भी ले गए, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी

रायपुर में ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी, 20 किलो चांदी और सोने के गहनों समेत लाखों की चोरी

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित रावतपुरा कॉलोनी में एक ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने रात के समय दुकान की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और करीब 20 किलो चांदी के जेवर, सोने के गहने तथा नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान में जुटी है।

जानकारी के अनुसार रावतपुरा कॉलोनी स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए चोरों ने पहले दुकान की दीवार तोड़ी और उसमें सेंध बनाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे चांदी के आभूषण, सोने के गहने और नकदी समेटकर फरार हो गए।

घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला जब दुकान संचालक ने प्रतिष्ठान खोला। अंदर सामान बिखरा मिला और दीवार में सेंध देखकर उन्होंने तत्काल टिकरापारा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा दुकान और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान, उनकी संख्या और वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए संभावित मार्गों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी गए आभूषणों और नकदी की वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है तथा मामले का जल्द खुलासा करने के लिए विशेष टीम भी सक्रिय की गई है।