रायपुर में एमडीएमए की बड़ी खेप बरामद, 12 लाख की ड्रग्स के साथ संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार
एसीसीयू और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; 106 ग्राम एमडीएमए जब्त, सप्लाई नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की जांच तेज
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध तस्कर को 106 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान रामनिवास माचरा के रूप में की जा रही है। गंज थाना क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसीसीयू और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 106 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।
जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था, इसे राजधानी में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी का मोबाइल फोन, बैंक खाते और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि ड्रग्स सिंडिकेट की आर्थिक गतिविधियों और संपर्कों का पता लगाया जा सके।
गंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर जल्द ही इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरे मामले का औपचारिक खुलासा शीघ्र किए जाने की संभावना है।
suntimes 