रायपुर में पूर्व विधायक के बेटे ने फांसी लगाकर दी जान
पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा स्थित घर में मिला शव, पारिवारिक तनाव की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोवा स्थित आदर्श नगर इलाके में रविवार रात पूर्व विधायक धनीराम साहू के पुत्र जय साहू (45) ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जय साहू अपने परिवार के साथ मोवा स्थित निवास में रहते थे। रविवार रात परिजनों ने सूचना दी कि उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां जय साहू का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद शव को उतारकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि जय साहू पिछले कुछ समय से तनाव में रहते थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पारिवारिक कारणों से वे मानसिक रूप से परेशान थे। पत्नी से विवाद की बात भी सामने आई है। घटना के समय पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी।
पंडरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होगी।
गौरतलब है कि जय साहू के पिता धनीराम साहू वर्ष 1995 में अभनपुर क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, परिचित और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घर पहुंचने लगे।
suntimes 