वैशाली नगर में 1 रुपये में ब्राइडल मेकअप-मेहंदी योजना, 8 मार्च से शुरुआत
*वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र की जरूरतमंद और मध्यमवर्गीय परिवारों की बेटियों के विवाह में होने वाले खर्च को कम करने के उद्देश्य से विधायक रिकेश सेन ने नई योजना की घोषणा की है। 8 मार्च, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से शुरू होने वाली इस योजना के तहत ब्राइडल मेकअप और मेहंदी की सुविधा मात्र एक रुपये के टोकन शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी।*
भिलाई नगर। रिकेश सेन ने वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र की बेटियों के लिए विवाह से जुड़ी एक विशेष योजना की घोषणा की है। इस पहल के तहत क्षेत्र की जरूरतमंद परिवारों की दुल्हनों को ब्राइडल मेकअप और मेहंदी की सेवा मात्र एक-एक रुपये के प्रतीकात्मक शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। योजना की शुरुआत 8 मार्च 2026, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से होगी।
विधायक ने कहा कि बेटी या बहन की शादी हर परिवार के लिए खुशी का अवसर होता है, लेकिन बढ़ते खर्च कई बार चिंता का कारण बन जाते हैं। उनका उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी का श्रृंगार अधूरा न रह जाए।
विवाह खर्च में राहत
सामान्यतः ब्राइडल मेकअप पर 20 से 25 हजार रुपये तथा मेहंदी पर 1 से 5 हजार रुपये तक खर्च आता है। नई योजना के तहत यह सुविधा मात्र एक रुपये के टोकन शुल्क पर उपलब्ध होगी। योजना का लाभ वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के निवासी जरूरतमंद परिवारों को दिया जाएगा।
प्रोफेशनल आर्टिस्ट्स देंगे सेवा
दुल्हनों का श्रृंगार भिलाई के प्रतिष्ठित और अनुभवी मेकअप आर्टिस्ट एवं मेहंदी कलाकारों द्वारा किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए विवाह तिथि से कम से कम 15 दिन पूर्व जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में आवेदन कर टोकन प्राप्त करना होगा।
2 अप्रैल से 1 रुपये में पावर चश्मा
विधायक ने यह भी घोषणा की कि 2 अप्रैल से विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मात्र एक रुपये में पावर वाला चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा भी विधायक कार्यालय के माध्यम से दी जाएगी।
पहले से संचालित जनहित योजनाएं
विधानसभा क्षेत्र में ‘शक्ति योजना’ के अंतर्गत हजारों घरेलू कामकाजी महिलाओं का पंजीयन किया गया है। इसके अलावा श्रीराम रसोई, निशुल्क रक्त जांच, कंबल बैंक, एक रुपये में एक्स-रे और सोनोग्राफी, हेलमेट बैंक जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
विगत दो वर्षों में सामाजिक संगठनों के लिए भवन निर्माण, धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों हेतु डोम शेड, शासकीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन, स्केटिंग ग्राउंड, स्वीमिंग पूल, ओवरब्रिज निर्माण तथा बाजारों के कायाकल्प जैसे कार्य भी किए गए हैं।
विधायक का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनना है।
suntimes 