पंडित प्रदीप मिश्रा बोले-लव मैरिज न करें बेटियां...दुर्ग में शिव महापुराण कथा में कहा-जो पापा ढूंढ़कर लाएंगे, उसके साथ जिंदगी 100 साल तक चलेगी

पंडित प्रदीप मिश्रा बोले-लव मैरिज न करें बेटियां...दुर्ग में शिव महापुराण कथा में कहा-जो पापा ढूंढ़कर लाएंगे, उसके साथ जिंदगी 100 साल तक चलेगी

दुर्ग जिले के अमलेश्वर में चल रही शिव महा पुराण कथा में पंडित प्रदीप मिश्रा ने लड़कियों को लव मैरिज न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि बेटियां लव मैरिज के चक्कर में न पड़ें। प्रदीप मिश्रा ने लड़कियों को परिवार के सुझाए गए रिश्ते पर ही ध्यान देने और अरेंज मैरिज करने के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि आप स्कूल जाएंगी, कॉलेज जाएंगी, ट्यूशन जाएंगी। वहां आपको 100 तरह के लड़के मिलेंगे। मगर इन 100 लड़कों के साथ आप 100 साल की जिंदगी नहीं जी सकते। आपके पापा ढूंढ़कर लाएंगे, उसके साथ जिंदगी 100 साल तक सही जी सकते हैं।  अमलेश्वर में 26 मई से पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा चल रही है। 2 जून तक चलने वाले इस आयोजन में हर दिन 1 लाख के आस-पास लोग पहुंच रहे हैं। कथा का क्रेज इसी से समझिए कि यहां 29 मई को आए 70 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी।

धरसींवा के तीरथ राम साहू को चक्कर आ गया था। परिजन उप स्वास्थ्य केंद्र अमलेश्वर ले गए, जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी भीड़ हर दिन बढ़ रही है। लोगों को पंडाल में जगह नहीं मिल रही। सड़क और नालियों के किनारे बैठकर लोग कथा सुन रहे हैं।  यहां झारखंड, बिहार, बंगाल, पंजाब, मध्यप्रदेश से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 50 हजार से ज्यादा तो महिलाएं आई हैं। किसी के साथ दुधमुंहा बच्चा है, तो किसी के साथ बुजुर्ग हैं। गर्मी लू और तपिश झेलकर भी ये सभी लोग पंडाल में ही रात गुजार रहे हैं। आयोजन समिति और कुछ सामाजिक संस्थाएं यहां भोजन के लिए भंडारा चला रही हैं। पंडाल में पड़े तिरपाल को ही बिछाकर यहां महिलाएं रात में सो रही हैं। 20 से ज्यादा महिलाएं बीते दो से तीन दिन में गर्मी से बेहोश हो चुकी हैं। बीते दिनों के मौसम को समझें तो रायपुर में 30 मई को 46.8 और 31 मई को पारा 45 डिग्री के पार ही रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पत्नी कौशल्या साय भी शुक्रवार को कथा सुनने पहुंचीं। मंच पर जाकर उन्होंने आशीर्वाद भी लिया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, महामंत्री संजय श्रीवास्तव और कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल भी मौजूद रहे। इस दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा- बार-बार जन्म होगा, मृत्यु होगी। मृत्यु लोक में जन्म लेना सरल है, लेकिन महादेव की भक्ति और कीर्तन पाना कठिन है। यहां 46 से 47 डिग्री की भीषण गर्मी के बाद भी आप सब भगवान शिव की कथा का लाभ लेने पहुंचे हैं। इससे बड़ा कोई लाभ नहीं हो सकता।