“शादी के दूसरे दिन से शुरू हुई दहेज प्रताड़ना: पेट्रोल से जलाने की धमकी, पति-ससुर पर FIR”

पीड़िता बोली—गहने छीने, गला दबाने की कोशिश की, कई बार दी जान से मारने की धमकी

“शादी के दूसरे दिन से शुरू हुई दहेज प्रताड़ना: पेट्रोल से जलाने की धमकी, पति-ससुर पर FIR”

दुर्ग | छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। भिलाई नगर की 24 वर्षीय लक्ष्मी पटेल ने अपने पति और ससुर पर शादी के दूसरे दिन से दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित करने, अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना भिलाई नगर ने पति बलराम पटेल और ससुर कुंभकरण पटेल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के दूसरे दिन से शुरू हुआ विवाद

पीड़िता लक्ष्मी पटेल ने बताया कि 21 अप्रैल 2022 को उसकी शादी सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह में उसके पिता ने 50 हजार रुपए नकद, बाइक, घरेलू सामान और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। इसके बावजूद ससुराल वालों ने दूसरे ही दिन ताना मारना शुरू कर दिया—

“तू दहेज नहीं लाई है, भिखारी घर से आई है, छोटा सामान लाई है… हमें चार पहिया वाहन चाहिए था।”

पेट्रोल डालकर जला देंगे…”

लक्ष्मी के मुताबिक, दहेज में कार की मांग और मायके से 5 लाख रुपए लाने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जाता था। वह बताती है कि 30 मार्च 2024 की रात पति और ससुर एक बैग लेकर आए और पूरे परिवार के सामने बोले—

“बैगा-गुनिया भी इसे नहीं बचाएगा… पेट्रोल डालकर जला देंगे।”

इतना ही नहीं, कई बार गला दबाने की भी कोशिश की गई।

गहने छीन लिए, लगातार मारपीट

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि लड़ाई-झगड़े के दौरान पति और ससुर उसके सभी कीमती आभूषण छीनकर रख लिए और आज तक वापस नहीं किए।

काउंसलिंग में मिला झूठा आश्वासन

लक्ष्मी ने अप्रैल 2025 में एसपी कार्यालय और बाद में महिला थाना में शिकायत दी थी। 24 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 7 नवंबर को काउंसलिंग कराई गई। इसमें पति ने माफी मांगते हुए साथ रखने का वादा किया, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी वह उसे घर ले जाने नहीं आया।

महिला थाना ने दर्ज किया मामला

महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति और ससुर के खिलाफ धारा 85(3)(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।