सिर कटी लाश के मामले का हुआ खुलासा: मृतक के 02 मौसेरे भाइयों तथा 01 सगे भाई ने ही अन्य 01 पड़ोसी के साथ मिलकर की अपने ही भाई की हत्या, झगड़ा एवं जमीन विवाद बना हत्या का कारण6

जशपुर। दिनांक 12.08.24 को सुबह करीब 10.00 बजे गणेश बारीक ने पुलिस को सूचना दिया कि कुनकुरी – तपकरा जाने वाले मेन रोड श्री टोली गांव के चुरहागड़ा जंगल में एक एक व्यक्ति का शव सिर धड़ से अलग मिला है।सूचना पर मौके पर जाकर तस्दीक करने पर अज्ञात पुरुष उम्र करीब 30-35 वर्ष का सिर एवं धड़ घने जंगल में अलग अलग कुछ दूरी पर पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह को दिये जाने पर उनके द्वारा तत्काल अति पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं उप पुलिस अधीक्षक विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में मृतक की पहचान तथा आरोपी की पतासाजी हेतु टीम बनायी गई।
प्रार्थी गणेश बारीक उम्र 43 वर्ष निवासी खारीझरिया थाना कुनकुरी के रिपोर्ट पर हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटना स्थल पर मृतक का गले से कटा हुआ सिर, एक चाकू, नाइलोन की रस्सी तथा एक जोडी चप्पल पड़ा था तथा धड़ को कटे सिर से करीब 50 मीटर दूर झाडियों में छिपा कर रखा गया था। मृत्तक के चेहरा एवं हांथ में बने टेटू एवं गोदना से “Abhi” लिखा होना पाया गया।
जिसके आधार पर मौके पर अज्ञात मृतक के पहचान हेतु हर सम्भव कोशिश किया जाने लगा। डॉग स्क्वाड एफएसएल अधिकारी, सायबर सेल के स्टाफ को तत्काल मौके पर भेजा गया जिनके द्वारा छानबीन शुरू की गई। अज्ञात मृतक का फोटो जिले एवं ओडिशा, झारखंड राज्य के पुलिस अधिकारी व आमलोगों के ग्रुप में व्हाटसअप से भेजा गया। आस-पास के क्षेत्र एवं झारखंड ओडिशा बार्डर रोड में लगे सीसीटीव्ही फुटेज खंगाला गया, अज्ञात मृतक का कोई पता नहीं चला।
अज्ञात मृतक के शव को पंचनामा बाद पीएम कराया गया तथा घटना स्थल से भौतिक साक्ष्य एवं कटा सिर के पास पड़ा हुआ नायलोन रस्सी एवं एक लोहे का पट्टीदार चाकू एवं एक जोड़ा हवाई चप्पल जप्त किया गया। शव को पहचान कार्यवाही हेतु मरचुरी में सुरक्षित रखवाया गया।