सुपेला फ्लाइओवर पर पलटा लोहे से लदा ट्रक, चालक को झपकी आने से हादसा

- डिवाइडर से टकराने के बाद फटा टायर, सड़क पर बिखरा भारी वाहन


- गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में कोई राहगीर या छोटा वाहन नहीं आया
- हादसे के बाद फ्लाइओवर पर लगा जाम, पुलिस ने मशक्कत कर खुलवाया रास्ता

भिलाई। सुपेला फ्लाइओवर पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लोहे के तारों से भरा मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई थी। इसी दौरान ट्रक डिवाइडर से जा टकराया और संतुलन बिगड़ने से पलट गया। हादसे में ट्रक का एक टायर भी फट गया। राहत की बात यह रही कि उस समय आसपास से गुजर रहे राहगीर और छोटे वाहन इसकी चपेट में नहीं आए।

जानकारी के अनुसार, ट्रक रायपुर से लोहे के तारों के बंडल लोड कर महाराष्ट्र की ओर जा रहा था। सुपेला फ्लाइओवर से नीचे उतरते समय चालक को नींद की झपकी आ गई। उसने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन भारी वाहन डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। ट्रक में लदा भारी सामान होने के कारण हादसे की गंभीरता और बढ़ सकती थी।

फ्लाइओवर पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित

दुर्घटना के बाद फ्लाइओवर पर यातायात बाधित हो गया। सड़क पर ट्रक के पलटने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद एक तरफ का मार्ग खुलवाया, जिससे धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।