सोमनी पुलिस की देर रात कार्रवाई, रिसॉर्ट और ढाबों में छापेमारी कर कई लोगों पर केस दर्ज

मनगटा रिसॉर्ट में शराबखोरी पर पुलिस का शिकंजा, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों समेत ढाबा संचालक पर भी कार्रवाई

सोमनी पुलिस की देर रात कार्रवाई, रिसॉर्ट और ढाबों में छापेमारी कर कई लोगों पर केस दर्ज

जिले में कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए सोमनी पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाकर मनगटा रिसॉर्ट सहित आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने वालों, शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले ढाबा संचालक और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की 

सोमनी थाना पुलिस ने क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और अवैध शराबखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मनगटा रिसॉर्ट में अचानक दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। जांच के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए गए लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ऐसे ढाबा संचालक पर भी शिकंजा कसा, जो ग्राहकों को शराब सेवन करने की सुविधा उपलब्ध करा रहा था। पुलिस ने संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसके अलावा अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए वाहन चालकों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई वाहनों की जांच कर चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शांति व्यवस्था भंग करने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अवैध गतिविधियों और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।