भिलाई में तड़के पुलिस का मेगा सर्च अभियान, 500 घरों और 200 भारी वाहनों की हुई सघन जांच
खुर्सीपार क्षेत्र में सुबह 4 बजे से चला ऑपरेशन, 7 संदिग्ध बाइक जब्त, 3 लोगों से पूछताछ जारी
दुर्ग-भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से व्यापक सर्च अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से शुरू हुई कार्रवाई में पुलिस की कई टीमों ने बस्तियों, बाजार और ट्रांसपोर्ट नगर में पहुंचकर मकानों, वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। अभियान के दौरान 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की गईं, जबकि 3 लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।
भिलाई। भिलाई के खुर्सीपार इलाके में सोमवार अलसुबह पुलिस की बड़ी कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और 100 से अधिक पुलिस जवानों की टीम ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई सुबह 4 बजे से शुरू होकर करीब 9 बजे तक जारी रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने खुर्सीपार के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में अलग-अलग टीम बनाकर जांच की। पुलिस ने करीब 500 मकानों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की, वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े लगभग 200 ट्रक और ट्रेलरों की भी जांच की गई।
जांच के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की, दस्तावेज और पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक चालकों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन संबंधी कागजात और आधार कार्ड की भी पड़ताल की गई। पुलिस विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर नजर बनाए हुए थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इसके अलावा 3 लोगों को पूछताछ के लिए खुर्सीपार थाना लाया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी मामलों की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया और लोगों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
suntimes 