हर घर तिरंगा अभियान के तहत कैम्प मंडल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

तीन दर्शन मंदिर से शीतला कॉम्प्लेक्स तक गूंजे भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष

हर घर तिरंगा अभियान के तहत कैम्प मंडल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

भिलाई। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई के कैम्प मंडल द्वारा बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

यात्रा का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के मार्गदर्शन तथा कैम्प मंडल अध्यक्ष तरुण सिंह के नेतृत्व में किया गया। इसमें वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन, मंडल प्रभारी प्रेमलाल साहू, सह-प्रभारी तिलक राज यादव, वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षदगण, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा तथा क्षेत्र के अनेक नागरिक शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ तीन दर्शन मंदिर से हुआ। इसके बाद यात्रा नेहरू चौक, जलेबी चौक, लिंक रोड और शीतला कॉम्प्लेक्स होते हुए विभिन्न मार्गों से निकली। हाथों में तिरंगा थामे प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान लोगों ने तिरंगे के सम्मान, देश की एकता और अखंडता तथा राष्ट्रीय गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर भाजपा कैम्प मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान” केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का जनअभियान है। तिरंगा देश की अस्मिता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है और इसके सम्मान की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।

मंडल की ओर से क्षेत्रवासियों से 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान को सफल बनाने और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाने की अपील भी की गई।