20 महीनों में 1,876 नक्सलियों ने हथियार डाले: कांकेर में 100 और सुकमा में 27 का आत्मसमर्पण, टॉप कमांडर राजू सलाम भी शामिल

BSF कैंप में बस से पहुंचे नक्सली, राजू सलाम 20 साल से रावघाट में सक्रिय था; भूपति के महाराष्ट्र में सरेंडर के बाद बस्तर में बड़ा आत्मसमर्पण

20 महीनों में 1,876 नक्सलियों ने हथियार डाले: कांकेर में 100 और सुकमा में 27 का आत्मसमर्पण, टॉप कमांडर राजू सलाम भी शामिल

छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कांकेर में करीब 100 और सुकमा में 27 नक्सलियों ने गुरुवार को हथियार डाल दिए। आत्मसमर्पण करने वालों में कई टॉप लीडर शामिल हैं। बस्तर आईजी सुंदरराज पी के मुताबिक, पिछले 20 महीनों में 1,876 नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं।

कांकेर/सुकमा। बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान के बीच एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के कामतेड़ा BSF कैंप में गुरुवार को करीब 100 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।

आत्मसमर्पण करने वालों में डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM) और कंपनी नंबर 5 का कमांडर राजू सलाम, कमांडर प्रसाद और मीना शामिल हैं। सभी को सुरक्षा बलों ने जंगलों से निकालकर बस के जरिए कैंप तक लाया। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

20 साल से था सक्रिय मास्टरमाइंड

सूत्रों के अनुसार, राजू सलाम रावघाट एरिया में पिछले 20 वर्षों से सक्रिय था और जिले की कई बड़ी नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड रहा है। उसके साथ आए अन्य नक्सलियों में कई पर इनाम भी घोषित था।

कांकेर पुलिस आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान सुनिश्चित कर रही है। जल्द ही इन्हें जिला या संभागीय मुख्यालय में मीडिया के सामने पेश किया जाएगा।

भूपति के सरेंडर का असर, संगठन पर बढ़ा दबाव

एक दिन पहले ही 6 करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य मोजुल्ला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 60 साथियों के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने हथियार डाले।

भूपति 80 के दशक से माओवादी संगठन से जुड़ा था और छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में मोस्ट वांटेड था। छत्तीसगढ़ सरकार ने उस पर करीब 1.5 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया था।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि भूपति के आत्मसमर्पण के बाद संगठन में भय और असमंजस का माहौल है, जिसका असर बस्तर में भी देखने को मिला है।

सुकमा में 50 लाख के 27 नक्सलियों ने हथियार डाले

सुकमा जिले में भी 27 नक्सलियों ने 14 अक्टूबर को आत्मसमर्पण किया। इनमें 10 महिलाएं और 17 पुरुष शामिल हैं। सभी पर कुल 50 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों में PLGA बटालियन-01 और रीजनल मिलिट्री कंपनी के हार्डकोर माओवादी शामिल हैं।

इन नक्सलियों ने SP किरण चव्हाण और CRPF-कॉबरा अधिकारियों के सामने हथियार डालकर “नियद नेल्ला नार” योजना के तहत मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। सरकार की ओर से उन्हें 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और पुनर्वास सुविधाएं दी जा रही हैं।

IG सुंदरराज पी बोले — माओवाद खत्म होने की दिशा में बड़ा कदम

बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी ने कहा —

“पिछले 20 महीनों में 1,876 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ ले रहे हैं। आने वाले समय में और भी माओवादी इस सकारात्मक रास्ते को अपनाएंगे।”