आपातकाल की याद में BJP का बड़ा अभियान, 25 जून को पूरे प्रदेश में मनाएगी काला दिवस

रायपुर में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बनी रणनीति; CM साय, किरण देव समेत वरिष्ठ नेताओं ने संगठन और आगामी अभियानों पर की चर्चा

आपातकाल की याद में BJP का बड़ा अभियान, 25 जून को पूरे प्रदेश में मनाएगी काला दिवस

रायपुर में हुई भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि 25 जून को आपातकाल की बरसी पर भाजपा पूरे प्रदेश में काला दिवस मनाएगी। इस दौरान मशाल जुलूस, रैली और अन्य कार्यक्रमों के जरिए आपातकाल के दौर को याद किया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी शामिल हुए।

हर महीने होती है संगठनात्मक बैठक

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि पार्टी की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हर महीने आयोजित की जाती है। इसमें पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है और आने वाले अभियानों की रूपरेखा तय की जाती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार सक्रिय रहता है। प्रदेश स्तर पर तय कार्यक्रमों को जिला, मंडल और शक्ति केंद्र तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

25 जून को प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

किरण सिंह देव ने बताया कि 25 जून को आपातकाल दिवस के अवसर पर भाजपा पूरे प्रदेश में काला दिवस मनाएगी। इस दौरान विभिन्न जिलों में मशाल जुलूस, रैली और अन्य आयोजन किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल के समय की परिस्थितियों से अवगत कराना जरूरी है। उस दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगाए गए प्रतिबंध और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी जैसे मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठक में बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने, आगामी संगठनात्मक अभियानों और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों को जिलों में चल रहे कार्यों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

कांग्रेस के बयान पर किरण देव का पलटवार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि बैठक में शामिल हुए बिना अंदर की चर्चा की जानकारी कैसे हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता गलत जानकारी देकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक स्तर पर लगातार काम कर रही है और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ाई जा रही है।