इवान में 6.1 तीव्रता का भूकंप, एशिया के कई देशों तक महसूस हुए झटके
चीन, जापान और फिलीपींस में भी कांपी धरती, फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
ताइवान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बुधवार शाम आए मध्यम तीव्रता के भूकंप ने लोगों को दहशत में डाल दिया। भूकंप के झटके ताइवान तक सीमित नहीं रहे, बल्कि चीन, जापान और फिलीपींस तक महसूस किए गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना नहीं है।
ताइवान। ताइवान की सेंट्रल वेदर एडमिनिस्ट्रेशन (CWA) के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:47 बजे 6.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र ताइतुंग काउंटी हॉल से लगभग 10.1 किलोमीटर उत्तर में स्थित था, जबकि इसकी गहराई 11.9 किलोमीटर मापी गई।
ताइतुंग में तीव्रता 5, कई इलाकों में हिले मकान
ताइवान में भूकंप की तीव्रता 1 से 7 के पैमाने पर मापी जाती है। इस भूकंप में ताइतुंग काउंटी में तीव्रता स्तर 5 दर्ज किया गया, जबकि हुलिएन और पिंगतुंग काउंटी में स्तर 4 तक झटके महसूस किए गए। राजधानी ताइपे में कई इमारतों में लोग घबराकर बाहर निकल आए।
इमारतों में मची अफरा-तफरी, घरों में हिले झूमर
भूकंप के झटकों के बाद ताइपे की कुछ ऊंची इमारतों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई घरों में लगे झूमर और फर्नीचर हिलते नजर आए, जिससे लोग कुछ समय के लिए सहम गए।
नेशनल फायर एजेंसी ने दी राहत की जानकारी
ताइवान की नेशनल फायर एजेंसी ने बताया कि भूकंप के बाद अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। आपातकालीन एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
TSMC की फैक्ट्रियों पर नहीं पड़ा असर
दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी TSMC ने कहा कि भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक नहीं थी कि उसकी फैक्ट्रियों को खाली कराने की जरूरत पड़े। कंपनी की सभी उत्पादन इकाइयां सामान्य रूप से काम कर रही हैं।
एक साल पहले आया था विनाशकारी भूकंप
गौरतलब है कि ताइवान के हुलिएन क्षेत्र में 3 अप्रैल 2024 को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसे पिछले 25 वर्षों का सबसे बड़ा भूकंप माना गया। उस हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी और 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। कई इमारतें ढह गई थीं और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हुआ था।
1999 और 2016 के भूकंप भी रहे घातक
21 सितंबर 1999 को आए ची-ची भूकंप की तीव्रता 7.7 थी, जिसमें 2400 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। वहीं, 2016 में दक्षिणी ताइवान में आए 6.4 तीव्रता के भूकंप में भी 100 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
दो टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है ताइवान
ताइवान भूकंप-संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है क्योंकि यह यूरेशियन प्लेट और फिलीपीन सी प्लेट के मिलन बिंदु पर बना हुआ है। फिलीपीन सी प्लेट के यूरेशियन प्लेट के नीचे धंसने की प्रक्रिया (सबडक्शन) के कारण यहां लगातार भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं। यह क्षेत्र प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ का भी हिस्सा है।
जापान में भी हाल में आया था तेज भूकंप
इसी महीने 8 दिसंबर को जापान के आओमोरी प्रांत के पास 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 30 लोग घायल हुए थे। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। इस दौरान कई सड़कों के धंसने और घरों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई थीं।
suntimes 