'गौ-हत्या में शामिल लोगों की लिस्ट करेंगे जारी'....रायपुर में शंकराचार्य बोले-हिंदू धर्म से करेंगे बहिष्कृत; 10 को भारत बंद....

शंकराचार्यों ने गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर 10 मार्च को भारत बंद बुलाया है। इसके बाद 14 मार्च को पैदल संसद मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि, गौ हमारी माता है, लेकिन उनके प्रति अमानवीय व्यवहार बंद नहीं हो रहा है। रायपुर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि, बहुमत सारे लोग गौ हत्या के पाप से जुड़े हुए हैं। हम ऐसे लोगों की लिस्ट बना रहे हैं। पहली सूची चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (9 अप्रैल) के दिन जारी करेंगे और इसमें शामिल लोगों को हिंदू से बहिष्कृत किया जाएगा।
राजिम कल्प कुंभ में शामिल होने पहुंचे ज्योतिष-पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और द्वारिका पीठ के शंकराचार्य सदानंद सरस्वती ने कहा कि, जिस देश में गीता, गौ और गंगा को माता का स्थान दिया गया है, वहां गौ हत्या रोकने का प्रयास नहीं हाे रहा है।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, बहुत सारे स्लॉटर हाउस, बूचड़खाने, वध स्थल हिंदुओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। गौ हत्या में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अगर कोई व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा तो बाकायदा उसे हिंदू धर्म से बहिष्कृत करने की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसके बाद अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वालों की सूची बनेगी और उन्हें भी सनातन धर्म से बाहर करेंगे। सनातन धर्म तभी बेहतर होगा, जब गाय को पूजने वाले हिंदू हों। गाय को काटकर खाने वाले भी हिंदू, गाय को पूजने वाले भी हिंदू, ये दोनों एक साथ नहीं हो सकता। शंकराचार्य ने ये भी कहा कि, बहुत सारे लोग हमें बता रहे हैं कि सारे नेता और पुलिस वाले इसमें मिले हैं। जब सारे कर रहे हैं तो इसका मतलब सब नहीं, लेकिन बहुमत है। नेता और पुलिस वालों को हफ्ता जाता है। जो लोग यह कार्य करते हैं वह कुछ ना कुछ लिफाफा बना कर रखे रहते हैं, हिस्सा इन सबको देते हैं।
एक इंस्पेक्टर रिटायर्ड होकर हमारे पास आए और आकर कहा कि हमको प्रायश्चित बता दीजिए। हमने कहा प्रायश्चित बताने के लिए जरूरी है कि अपना पाप तुम बताओ। उसने कहा कि मैं 2000 लेकर गौ तस्करी के ट्रक छोड़ दिया करता था। यह हालत हैं, और वह 2000 अकेले नहीं रखता था। उसमें और भी अधिकारियों-नेताओं का हिस्सा होता था।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि, 75 वर्षों में दिल्ली में अनेक दलों की सरकार आई, लेकिन गौ हत्या को रोकने के लिए कोई सख्त नियम नहीं बना पाई है। गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिले, इसलिए 10 मिनट के लिए भारत बंद रहेगा।
शंकराचार्य ने कहा कि, यदि कोई सरकार गौ हत्या नहीं रोक पा रही है, फिर भी हम उसे वोट दे रहे हैं तो यह हमारे द्वारा किया जा रहा पाप है। उन्होंने सनातनी लोगों से गौ-हत्या रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कौन सी पार्टी सत्ता में आएगी, यह अभी से नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने बताया कि, 14 मार्च को गिरिराज गोवर्धन की परिक्रमा करके दिल्ली के संसद भवन रवाना होंगे। हम संसद भवन के उसे कोने तक जाएंगे जहां सन 1966 में गौ भक्तों के ऊपर गोलीबारी की गई थी। उन्होंने कहा कि, इस यात्रा में हम उन सभी राजनीतिक पार्टियों को आमंत्रित करते हैं, जो गौ माता के शपथ पत्र को स्वीकार करते हैं।
वहीं शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने कहा कि, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किया जाना चाहिए ताकि गौ वध बंद हो। नॉर्थ ईस्ट में गौ हत्या कैसे रोकेंगे इस पर शंकराचार्य ने कहा कि इसे रोकना शासन-प्रशासन का काम है, हमारा नहीं। हम धर्म गुरु हैं।
छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर कानून की तैयारी पर कहा कि पूरे देश में धर्मांतरण हो रहा है, अगर कानून लाया जा रहा है तो प्रशंसा के योग्य है। शंकराचार्य ने संदेशखाली कि घटना पर आपत्ति जताते हुए कहा कि, ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।