जनवरी में पिछले 10 साल में सबसे कम पड़ी ठंड, फरवरी इस साल रहेगा थोड़ा गर्म, बारिश भी होगी ज्यादा

जनवरी का महीना पिछले 10 साल की तुलना में कम ठंड गुजरा अब फरवरी में भी स्थिति पिछले दस वर्षों की तुलना में अलग रहेगी। इस साल फरवरी थोड़ा गर्म रहेगा। दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण गर्मी महसूस होगी अलबत्ता बारिश गत वर्षों की तुलना में थोड़ी ज्यादा होगी। हालांकि महीने में एक-दो बार कहीं कहीं ओले पड़ने की संभावना रहती है और कभी-कभी बारिश भी होती है।
इस साल बारिश थोड़ी ज्यादा हो सकती है। ठंड के दिनों की संख्या कम रहेगी। यानी रात का तापमान बहुत कम नहीं रहेगा। फरवरी में एक तरह से सर्दी के मौसम की विदाई और दूसरी तरफ गर्मी की शुरुआत होती है। इस वजह से आमतौर पर इस महीने में ना तो बहुत अधिक गर्मी लगती है और ना ही बहुत ज्यादा ठंड।
फरवरी के महीने में रायपुर का सामान्य अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री है। इस साल तापमान इससे थोड़ा अधिक रहने की संभावना है यानी पूरे महीने का औसत तापमान इस औसत से थोड़ा अधिक रहेगा। इसी तरह बारिश भी पूरे महीने में औसत 16.3 मिमी होती है। इस साल बारिश की मात्रा इससे थोड़ा ज्यादा रहने की संभावना है। वर्षा के दिनों की संख्या भी 1.2 है।
तापमान का फैक्ट
- 5 डिग्री सेल्सियस : सबसे कम न्यूनतम तापमान, 9 फरवरी 2009
- 38 डिग्री : सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान, 28 फरवरी 2009
- 57.4 मिमी बारिश : 24 घंटे में सबसे ज्यादा,4 फरवरी 1917
- 118.9 मिमी बारिश : महीने की सबसे ज्यादा वर्षा वर्ष 1901
अगले दो दिन बढ़ेगी ठंड, उसके बाद लगातार बढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो दिनों तक रात के तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इससे ठंड महसूस होगी। इसके बाद तापमान में क्रमश: वृद्धि होगी और गर्मी महसूस होगी। अगले 24 घंटे के दौरान रायपुर के आउटर सहित प्रदेश के कई इलाकों में सुबह हल्का कोहरा रहेगा। इसके बाद आसमान में हल्के बादल रहेंगे। 48 घंटों के दौरान सुबह हल्का कोहरा जरूरी छाया रहेगा, लेकिन उसके बाद मौसम साफ रहेगा।