जामुल-अहिवारा मार्ग पर पिकअप और बोलेरो में भिड़ंत, चालक गंभीर घायल

नन्दनी एयरोड्रम के सामने आमने-सामने टक्कर, पिकअप चालक के जबड़े व सिर में गंभीर चोटें, बोलेरो चालक भी घायल

जामुल थाना क्षेत्र के नन्दनी एयरोड्रम के सामने जामुल-अहिवारा मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बोलेरो चालक भी चोटिल हुआ। आमने-सामने हुई टक्कर में वाहनों के अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

भिलाई । जामुल थाना क्षेत्र के नन्दनी एयरोड्रम के सामने जामुल-अहिवारा मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप और बोलेरो वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक राजू टंडन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके जबड़े और सिर में गहरी चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो वाहन चला रहे साहिल नायक भी हादसे में घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज गति से आ रहे थे और मोड़ के पास संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी, भिलाई का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।