दिल्ली प्रवास में सक्रिय दिखे अरुण वोरा, कांग्रेस नेताओं संग ‘वोट चोरी’ अभियान पर की अहम चर्चा
राहुल गांधी, खरगे और जयराम रमेश से की मुलाकातें, छत्तीसगढ़ की राजनीतिक परिस्थिति पर दी जानकारी

दिल्ली प्रवास पर गए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अरुण वोरा ने लगातार कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर न केवल राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा की, बल्कि छत्तीसगढ़ की राजनीतिक स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर भी विस्तृत संवाद किया।
दुर्ग। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अरुण वोरा अपने तीन दिवसीय निजी प्रवास पर इन दिनों दिल्ली में सक्रिय रहे। प्रवास के दौरान उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं से लगातार मुलाकातें कीं। मंगलवार को उन्होंने राज्यसभा सांसद एवं पार्टी के वरिष्ठ रणनीतिकार जयराम रमेश से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘वोट चोरी’ अभियान पर गंभीर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने माना कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुँचा कर देशभर में मतदाताओं के अधिकारों का हनन कर रही है।
वोरा ने छत्तीसगढ़ की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक स्थिति और कार्यकर्ताओं के उत्साह की जानकारी साझा करते हुए भरोसा दिलाया कि वे प्रदेश में इस अभियान को और मजबूती देने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
दिल्ली प्रवास के दौरान अरुण वोरा ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात की और राज्य की राजनीतिक स्थितियों पर संवाद किया।
लगातार बैठकों से व्यस्त रहा अरुण वोरा का यह प्रवास कांग्रेस की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वोरा बुधवार को दुर्ग लौट रहे हैं।