दुर्ग में एक ही रात में 5 जगहों पर चाकूबाजी....पांचों घटनाओं में आरोपियों ने नशे की हालत में चाकू और कटर का इस्तेमाल किया

दुर्ग। दुर्ग जिले में सोमवार रात सुपेला, खुर्सीपार, जामुल और दुर्ग कोतवाली समेत 5 थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की घटनाएं हुईं। जिसमें पांच लोगों की हालत गंभीर है। पांचों घटनाओं में आरोपियों ने नशे की हालत में चाकू और कटर का इस्तेमाल किया। जिसमें किसी का हाथ कटा, किसी का पूरा चेहरा कटा तो किसी का पीठ काट दिया गया।
पुलिस सभी मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक एक भी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खुर्सीपार थाना इलाके के तेलहा नाले के पास नरसिंह कुर्रे नाम के युवक ने मोहल्ले के रहने वाले विराज साहू पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने रात 8 बजे उसे रोककर उसके पीठ हाथ में कटर से कई वार कर भाग गया। विराज का दुर्ग जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सुपेला थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में दो दिन पहले एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। उसी इलाके में इंदिरा नगर में सोमवार रात कुछ लड़कों ने एक युवक पर चाकू से हमला किया। घायल की पहचान गोकुल के रूप में हुई है। घायल गोकुल ने बताया कि, इंदिरा नगर निवासी अरमान, शेखर, धरम और माधव ने मिलकर उसके ऊपर जानलेवा हमला किया है।
जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर में एक युवक ने अपने ही पिता के चहरे को कटर से बुरी तरह काट दिया। घायल मनोज कुमार (54) ने बताया कि, कंपनी बंद होने के बाद भी वो ड्यूटी जाने निकला था। इसी बात पर दोनों की बहस हो गई। उसने बेटे को दो झापड़ मारा, तो उसने कटर निकालकर उसके पूरे चेहरे को काट डाला।