दुर्ग में युवक की बेरहमी से हत्या, आधी रात 20 से ज्यादा लोगों ने किया हमला

पुरानी रंजिश में लाठी, सब्बल और चाकू से हमला; बचाने पहुंचे भाई और रिश्तेदार भी घायल, कई आरोपी हिरासत में

दुर्ग में युवक की बेरहमी से हत्या, आधी रात 20 से ज्यादा लोगों ने किया हमला

दुर्ग। शहर के राजीव नगर इलाके में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना अंबेडकर चौक के पास तालाब नीचे राम जानकी मंदिर के समीप हुई। हमले में युवक के दो परिजन भी घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक की पहचान 20 वर्षीय जितेश ठाकुर, पिता बैसाखू ठाकुर, निवासी वार्ड क्रमांक 3 राजीव नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात करीब 1:30 बजे जितेश घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान 20 से 25 लोगों का समूह वहां पहुंचा और उस पर अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने लाठी, सब्बल और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में जितेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बचाने पहुंचे भाई पर भी हमला

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे जितेश के बड़े भाई राहुल ठाकुर और चाचा के बेटे नेहरू ठाकुर पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल ठाकुर को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। नेहरू ठाकुर को भी चोटें आई हैं।

पुरानी दुश्मनी बताई जा रही वजह

प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश को घटना की मुख्य वजह मान रही है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कई आरोपी हिरासत में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 से 8 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।