पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर भाजपा का स्वदेशी संदेश, यात्रियों को पिलाई चाय

आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत विधायक रिकेश सेन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जनसंवाद

वैशालीनगर विधानसभा क्षेत्र के पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर बुधवार को आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत भाजपा द्वारा विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक रिकेश सेन और भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने अपनी टीम के साथ यात्रियों को चाय पिलाकर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और विदेशी उत्पादों के बहिष्कार का संदेश दिया।

भिलाई। आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भिलाई भाजपा ने पावर हाउस रेलवे स्टेशन परिसर में अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया। विधायक रिकेश सेन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वयं चाय तैयार कर यात्रियों को पिलाई और स्वदेशी अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम से पूर्व विधायक रिकेश सेन ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पावर हाउस रेलवे स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों से चर्चा की। इसके पश्चात विधायक स्टेशन परिसर के बाहर आम नागरिकों के बीच बैठकर संवाद करते नजर आए।

इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि देश तेज़ी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने देश में निर्मित वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम करें, तो भारत वास्तव में आत्मनिर्भर बन सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि विभिन्न दलों और संगठनों से जुड़े लोगों से भी संवाद कर रहे हैं, ताकि स्वदेशी के विचार को व्यापक समर्थन मिल सके। इसी सोच के तहत लगातार अलग-अलग स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में भिलाई भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक संदेश देने वाला अभियान बताया।