भाजपा सदस्यता अभियान में दुर्ग ने रचा कीर्तिमान, कार्यकर्ताओं को मिला 'सदस्यता सम्मान'
भाजपा के प्राथमिक सदस्यता अभियान में दुर्ग जिले के कार्यकर्ताओं ने अनुकरणीय प्रदर्शन कर प्रदेश में नया उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री निवास, नया रायपुर में आयोजित उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह में दुर्ग के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को सदस्यता के विभिन्न स्तरों पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए उन्हें संगठन की रीढ़ बताया।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्राथमिक सदस्यता अभियान में दुर्ग जिले ने उल्लेखनीय योगदान देते हुए न केवल अपना लक्ष्य पूरा किया, बल्कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर संगठन में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में शनिवार को मुख्यमंत्री निवास, नया रायपुर में आयोजित सदस्यता सम्मान समारोह में दुर्ग के कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और सदस्यता प्रभारी अनुराग सिंह देव की उपस्थिति में जिले के कार्यकर्ताओं को चार श्रेणियों — सदस्यता भूषण, सदस्यता रत्न, सदस्यता श्री, और सदस्यता दीप सम्मान — से नवाजा गया।
दुर्ग जिले से विधायक गजेंद्र यादव को 10384, और विधायक ललित चंद्राकर को 10139 सदस्य बनाने के लिए "सदस्यता रत्न सम्मान" प्रदान किया गया। साथ ही, अन्य समर्पित कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के अनुसार "सदस्यता दीप सम्मान" से सम्मानित किया गया, जिनमें जितेन्द्र साहू (2050), साजन जोसेफ (1330), शिवेन्द्र परिहार (1027), प्रिया साहू (1012), दिनेश देवांगन (1005), और रामाधार शर्मा (1000 सदस्य) शामिल हैं।
जिले के प्राथमिक सदस्यता अभियान संयोजक राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने बताया कि दुर्ग को 2,13,048 सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला था, जबकि कार्यकर्ताओं की मेहनत से यह आंकड़ा 2,26,000 को पार कर गया—जो लक्ष्य से 6% अधिक है। खास बात यह रही कि दुर्ग जिले में 98% सदस्यता ऑनलाइन मोड के माध्यम से हुई, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक रही।
प्रदेश स्तर पर भाजपा ने 60 लाख सदस्यता का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे पार करते हुए पार्टी ने 60,87,670 सदस्य बनाकर नया इतिहास रच दिया। समारोह के अंत में सीएम विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं के साथ स्नेह भोज कर उनके परिश्रम और निष्ठा की सराहना की।
suntimes 