रायपुर बना सुरक्षा रणनीति का केंद्र: DGP-IG कॉन्फ्रेंस में पहली बार SP रैंक के अधिकारी भी शामिल
PM मोदी रात में पहुंचेंगे सम्मेलन में; तीन दिन तक नवा रायपुर में हाई-लेवल सिक्योरिटी अलर्ट
नवा रायपुर का IIM कैंपस इन दिनों देश की शीर्ष सुरक्षा एजेंसियों का केंद्र बना हुआ है। जहां DGP-IG कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, RAW और IB प्रमुखों के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पहले दिन अफसरों के साथ मैराथन बैठक की। रात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रायपुर पहुंचकर इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस सुरक्षा मंथन में पहली बार SP रैंक के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।
रायपुर! नवा रायपुर स्थित IIM कैंपस में आयोजित DGP-IG कॉन्फ्रेंस आज पहले दिन से ही काफी अहम चर्चाओं का केंद्र बन गया है। देश की आंतरिक सुरक्षा, खुफिया तंत्र की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर फोकस करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, RAW चीफ पराग जैन और IB चीफ तपन डेका ने संयुक्त रूप से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा बैठक की। यह बैठक दोपहर 2 बजे शुरू होकर देर रात तक जारी रहेगी।
सम्मेलन का महत्व इस बार इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि इसमें पहली बार SP रैंक के अधिकारियों को शामिल किया गया है। करीब 600 अधिकारी और VIP इस राष्ट्रीय महत्त्व के कार्यक्रम में मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात में रायपुर पहुंचेंगे और सम्मेलन में भाग लेंगे। उनके लिए नए स्पीकर हाउस M-1 में विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वित्त मंत्री आवास M-11 में ठहरे हुए हैं।
सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए माना एयरपोर्ट के अराइवल गेट को तीन दिनों के लिए आम यात्रियों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यात्रियों को गेट-2 का उपयोग करने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर, सम्मेलन के दौरान नवा रायपुर की सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहे।
यह सम्मेलन देश की सुरक्षा ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
suntimes 