राष्ट्रपति के साथ यूरोपीय दौरे से लौटे सांसद विजय बघेल का भव्य स्वागत
स्वामी विवेकानंद विमानतल पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार अभिनंदन, छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया
रायपुर/दुर्ग। दुर्ग संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री विजय बघेल के राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के साथ संपन्न यूरोपीय देशों के सात दिवसीय आधिकारिक दौरे से लौटने पर रविवार को स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनका भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं एवं नारों के साथ उनका अभिनंदन करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के साथ यूरोपीय देशों की इस उच्चस्तरीय यात्रा में देशभर से केवल तीन सांसदों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला, जिनमें छत्तीसगढ़ से एकमात्र सांसद श्री विजय बघेल शामिल रहे। समर्थकों ने इसे राज्य के सम्मान और प्रतिनिधित्व से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
स्वागत कार्यक्रम में श्री विजय साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने श्री बघेल को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल विदेश दौरे की सराहना की। कार्यक्रम में धर्मराज शर्मा, प्रदीप शाह, साकेत कुशवाहा, पंकज शर्मा, मुकेश पासवान, निखिल शर्मा, परमजीत सिंह, अभिषेक वर्मा, अमित वर्मा, ईशांक साहू, प्रियांशु ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई। विमानतल परिसर में स्वागत के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
suntimes 