रिसाली नगर निगम में बड़ा सियासी उलटफेर: पार्षद डॉ. सीमा साहू सहित 20 कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
सांसद विजय बघेल के निवास पर भाजपा की सदस्यता ली, गमछा पहनाकर किया गया स्वागत

भिलाई/रिसाली। रिसाली नगर निगम में सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब निगम की पार्षद और एमआईसी सदस्य डॉ. सीमा साहू समेत 20 कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा की नगर निगम में पार्षद संख्या 20 पहुंच गई है, जिससे कांग्रेस की सत्ता पर संकट गहराने लगा है।
11 जून 2025 को दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के सेक्टर-05 स्थित निवास पर आयोजित कार्यक्रम में रिसाली नगर निगम की पार्षद व एमआईसी सदस्य डॉ. सीमा साहू के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी से जुड़े 20 कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, और सांसद विजय बघेल की उपस्थिति में सभी नवागत सदस्यों का गमछा पहनाकर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया गया।
भाजपा में शामिल होने वालों में डॉ. सीमा साहू के अलावा ज्योतिषाचार्य धनंजय सिंह, भागवत प्रसाद रजक, डॉ. ओमप्रकाश, दीपक साहू, प्रवीण चौहान, घनश्याम साहू, पंकज साहू, संजय झा, ऋतु जैन, कल्याणी वर्मा सहित कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं। उन्होंने एक स्वर में कहा कि वे भाजपा की नीति, विकास के विजन और मजबूत नेतृत्व से प्रेरित होकर यह निर्णय ले रहे हैं।
इस राजनीतिक बदलाव के साथ अब रिसाली नगर निगम में भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है, जबकि कांग्रेस के पास अब 19 पार्षद ही शेष हैं। ऐसे में महापौर शशि सिन्हा की कुर्सी पर संकट मंडराने लगा है। भाजपा खेमे में इसे ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ की दिशा में एक ठोस कदम बताया जा रहा है।
सांसद विजय बघेल ने सभी नवागत सदस्यों को भाजपा में शामिल होने पर बधाई देते हुए कहा, “आपका स्वागत है देश की सबसे बड़ी पार्टी में। हम सब मिलकर रिसाली नगर निगम को विकास के मार्ग पर अग्रसर करेंगे।”
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि “प्रदेश की भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इसी से प्रेरित होकर लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं।”
जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “जनसेवा और विकास के मिशन में भाजपा की नीतियां जनता का विश्वास जीत रही हैं। आने वाले समय में रिसाली पूरी तरह भाजपा के रंग में रंगेगा।”
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि दीपक चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, सोनू राम सिंह, विशाल ठाकुर, शैलेंद्र शेंडे, मनीष यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।