वैशाली नगर में आयुक्त का मैदानी दौरा: सड़कों, आवास योजनाओं और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
पेवर ब्लॉक दुरुस्त करने, सड़क निर्माण शुरू करने और अवैध निर्माण पर नोटिस जारी करने के निर्देश
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-2 अंतर्गत वैशाली नगर क्षेत्र में निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने मैदानी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेवर ब्लॉक, प्रस्तावित सड़क, अटल आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा सफाई व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
आयुक्त ने वैशाली नगर कॉलेज के सामने स्थित गौरव पथ में लगे पुराने और क्षतिग्रस्त पेवर ब्लॉकों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर पेवर ब्लॉक उखड़े हुए पाए गए, जिस पर उन्होंने तत्काल मरम्मत और व्यवस्थित सुधार के निर्देश दिए।
जवाहर नगर में प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। नागरिकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान न्यू अटल आवास के समीप बने नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया गया, जो बिना भवन अनुमति के निर्मित पाया गया। इस पर आयुक्त ने संबंधित भवन स्वामी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने जवाहर नगर अटल आवास कॉलोनी का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कॉलोनीवासियों ने खेल मैदान की मांग रखी। साथ ही कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
आयुक्त ने आम्रपाली के पीछे स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। यहां नालियों में घरेलू कचरा डाले जाने की समस्या सामने आई। नागरिकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि नालियों में कचरा डालते पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्था सुधार के लिए जोन स्वास्थ्य अधिकारी को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, उप अभियंता चंदन निर्मलकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
suntimes 