सन वैली स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई बसंत पंचमी

माँ सरस्वती की पूजा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुति से भक्तिमय हुआ परिसर

सन वैली स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई बसंत पंचमी

विद्या, बुद्धि और विवेक की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की आराधना का पर्व बसंत पंचमी सन वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल, कोहका पुरानी बस्ती में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।

भिलाई। कोहका पुरानी बस्ती स्थित सन वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर माँ सरस्वती पूजा का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भजन, कीर्तन एवं सरस्वती वंदना ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा भाव से कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित हो गया।

बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह पर्व ज्ञान, कला और संस्कारों का प्रतीक है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सदाचार, संयम और सृजनात्मकता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी सहभागिता की और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय द्वारा संस्कारों से जुड़ी परंपराओं को जीवंत रखने के प्रयासों की प्रशंसा की।

उल्लेखनीय है कि सन वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रतिवर्ष बसंत पंचमी का आयोजन परंपरागत रूप से किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और नैतिक शिक्षा को सुदृढ़ करना है।