आत्मानंद उद्यान का होगा विस्तार: रिसाली निगम आयुक्त ने दिए निर्देश
आयुक्त मोनिका वर्मा ने जनप्रतिनिधियों के साथ किया वार्ड 11 और 12 का निरीक्षण
- प्रदेश के इकलौते स्केटिंग ग्राउंड और कोर्ट्स के विस्तार की तैयारी
- पौधरोपण और जलभराव समस्या के स्थायी समाधान पर भी जोर
रिसाली नगर निगम क्षेत्र का आत्मानंद गार्डन जल्द ही नए स्वरूप में दिखाई देगा। आयुक्त मोनिका वर्मा ने उद्यान के विस्तार का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। स्केटिंग ग्राउंड, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट जैसे खेल संरचनाओं को विकसित कर उद्यान को प्रदेश स्तर की पहचान दिलाने की योजना है।
भिलाई। रिसाली नगर निगम के सबसे सुंदर और सुव्यवस्थित आत्मानंद उद्यान का जल्द ही विस्तार किया जाएगा। निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने शनिवार को सभापति केशव बंछोर और एमआईसी सदस्य सनीर साहू के साथ वार्ड 11 और 12 का निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा की। आयुक्त ने उप अभियंता डिगेश्वरी को निर्देशित किया कि आत्मानंद उद्यान के विस्तार का प्रस्ताव तैयार कर शासन को शीघ्र भेजा जाए।
उद्यान में स्थित प्रदेश का एकमात्र स्केटिंग ग्राउंड, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट को और बेहतर करने की योजना है। लगभग एक घंटे तक उद्यान का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कहा कि इसे प्रदेश स्तर की पहचान दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता प्रभारी बृजेन्द्र परिहार और जलकार्य प्रभारी गोपाल सिन्हा भी मौजूद रहे।
इसी दौरान आयुक्त और सभापति ने वार्ड 11 में उतई मुख्य मार्ग के किनारे पौधरोपण के लिए स्थल का चयन किया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु की शुरुआत में ही पौधरोपण की कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाए।
निरीक्षण के अगले चरण में आयुक्त वार्ड 12 पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्षद निधि से लगाए गए झूलों और बच्चों के खेल सामग्री का जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में वर्षा के समय जलभराव की समस्या और बीएसपी द्वारा किए जा रहे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। व्यवस्था में लचरता मिलने पर बीएसपी को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए।
suntimes 