एएसपी श्री शोभराज अग्रवाल का कैट एवं सराफा एसोसिएशन दुर्ग ने किया अभिनंदन
दुर्ग। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), दुर्ग इकाई एवं सराफा एसोसिएशन दुर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्री hnशोभराज अग्रवाल से पुलिस थाना परिसर में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गरिमामयी उपस्थिति में पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रकाश सांखला, प्रकाश गोलछा, रवि केवलतानी, अजय श्रीश्रीमाल, निर्मल बोथरा, मांगीलाल सोनी, राजू ढेलड़िया, महावीर लोढ़ा, ऋषभ देशलहरा, राजा कांकरिया एवं नवीन भंडारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने पुलिस प्रशासन द्वारा शहर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कैट दुर्ग इकाई के अध्यक्ष प्रकाश सांखला ने बताया कि बैठक के दौरान दुर्ग शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण, ग्राहकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा तथा त्योहारों के समय बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन, यातायात पुलिस एवं व्यापारी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से बाजारों को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं व्यापार-अनुकूल बनाया जा सकता है।
कैट एवं सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्रों में निर्धारित पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग के लिए समय निर्धारण, दिशा-सूचक बोर्ड, पैदल यात्रियों की सुरक्षा तथा नियमित ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया। संगठनों ने आश्वस्त किया कि शहर की यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापारी वर्ग पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
suntimes 