एक अपडेट ने रोक दी दुनिया की डिजिटल रफ्तार, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं घंटों रहीं प्रभावित

74 देशों में यूजर्स परेशान, आउटलुक और टीम्स ने दिया जवाब; अस्पतालों से लेकर कंपनियों तक कामकाज पर पड़ा असर

एक अपडेट ने रोक दी दुनिया की डिजिटल रफ्तार, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं घंटों रहीं प्रभावित

शिकागो। माइक्रोसॉफ्ट के एक सॉफ्टवेयर अपडेट में आई खामी ने दुनियाभर के डिजिटल कामकाज को प्रभावित कर दिया। कंपनी की कई प्रमुख ऑनलाइन सेवाएं करीब 12 घंटे तक बाधित रहीं। इस दौरान यूजर्स न तो सामान्य तरीके से ईमेल का इस्तेमाल कर सके और न ही ऑनलाइन मीटिंग तथा क्लाउड आधारित कामकाज कर पाए। तकनीकी खराबी का दायरा बढ़ने से 74 देशों के करोड़ों यूजर्स प्रभावित हुए।

सबसे ज्यादा परेशानी माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक के उपयोगकर्ताओं को हुई। डाउनडिटेक्टर पर इस सेवा को लेकर 1.40 लाख से अधिक शिकायतें सामने आईं। भारत में भी 12 नवंबर की रात से अगले दिन सुबह तक यूजर्स को लॉगिन, ईमेल भेजने और संदेश प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टीम्स और कोपायलट की सेवाएं भी कुछ उपयोगकर्ताओं के लिए प्रभावित रहीं।

अस्पताल, स्कूल और कारोबार भी प्रभावित

इस व्यवधान का असर व्यक्तिगत उपयोगकर्ताओं के साथ संस्थागत कामकाज पर भी पड़ा। ऑनलाइन परामर्श देने वाले डॉक्टरों को मरीजों से संपर्क करने में परेशानी हुई। कई स्कूलों की ऑनलाइन कक्षाएं प्रभावित हुईं, वहीं कंपनियों में ऑर्डर और कार्यालयीन संवाद की प्रक्रिया बाधित रही। ईमेल आधारित ओटीपी और वेरिफिकेशन सेवाओं पर निर्भर कुछ ऑनलाइन गतिविधियों में भी रुकावट आई।

हैकिंग नहीं, तकनीकी खामी की आशंका

माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया कि सेवाओं में आई बाधा किसी साइबर हमले का परिणाम नहीं थी। कंपनी के मुताबिक, सॉफ्टवेयर अपडेट में गड़बड़ी के कारण यह स्थिति बनी। जुलाई 2024 में क्राउडस्ट्राइक अपडेट से पैदा हुए वैश्विक तकनीकी संकट की तरह इस बार भी एक खराब अपडेट ने बड़े स्तर पर सेवाओं को प्रभावित किया। हालांकि, दोनों घटनाओं की तकनीकी परिस्थितियां अलग हैं।

बहाली के लिए नए विकल्पों पर काम

कंपनी ने सेवाओं को सामान्य करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन शुरुआती सुधार कारगर साबित नहीं हुए। अब तकनीकी टीम दूसरे विकल्पों की जांच कर रही है, जिससे प्रभावित यूजर्स को धीरे-धीरे दोबारा सेवाओं से जोड़ा जा सके। माइक्रोसॉफ्ट 365 पर दुनिया की लाखों कंपनियों और करोड़ों लोगों की निर्भरता को देखते हुए इस व्यवधान ने क्लाउड आधारित सेवाओं की विश्वसनीयता और तकनीकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।