ओडिशा से 21 किलो गांजा लाए यूपी के दो तस्कर दुर्ग में गिरफ्तार

ओडिशा से 21 किलो गांजा लाए यूपी के दो तस्कर दुर्ग में गिरफ्तार

बस से गांजा लाकर ट्रेन से प्रयागराज ले जाने की थी तैयारी, कोतवाली पुलिस ने नलघर के पास दबोचा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 किलो से अधिक गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से बस द्वारा गांजा लेकर दुर्ग पहुंचे थे और यहां से ट्रेन से प्रयागराज जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने समय रहते दोनों को दबोच लिया।

दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसते हुए कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को 21.260 किलोग्राम गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई जिला अस्पताल के सामने स्थित बंद नलघर के पास की गई, जहां आरोपी गांजे के साथ खड़े थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर बस के माध्यम से दुर्ग पहुंचे थे। यहां से वे प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) लौटने की योजना बना रहे थे। पकड़े गए गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार युवकों की पहचान मोहित जायसवाल (20) और डब्ल्यू बंसकार (20) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के चाका मुंडीचर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए आम लोगों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में सहयोग करें और आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।